ग्रेटर नोएडा (संवाद)। दादरी नगर की सड़कों पर घूम रहे गोवंशों को पकड़ कर गोशाला पहुंचाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए हैं। नगर पालिका परिषद जल्द ही अपनी नवनिर्मित गोशाला का उद्घाटन कर अभियान शुरू करेगी, जिसके तहत सड़कों से गोवंश हटाए जाएंगे।
रेलवे रोड पर अक्सर गोवंश सड़क पर ही घूमते रहते हैं। कई बार ये लोगों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से सड़कों से गोवंश हटाने की मांग कर रहे थे। नगर पालिका परिषद के अनुसार, वर्तमान में संचालित गोशाला की क्षमता सीमित है। जल्द ही नई निर्मित गोशाला का उद्घाटन किया जाएगा, जिसके बाद सभी गोवंश को वहां स्थानांतरित किया जाएगा।