पीड़ित ने सूरजपुर कोतवाली में बुआ के बेटे समेत चार आरोपियों पर कराई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली में एक युवक ने बुआ के बेटे व उसके तीन दोस्तों के खिलाफ 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि फुफेरे भाई को गोल्ड लोन चुकाकर खाता बंद कराने के लिए बैंक भेजा था, लेकिन उसने न तो पैसे जमा किए और न ही लौटा रहा है।
सेक्टर-डेल्टा दो निवासी हेमंत भाटी ने बताया कि उसका फुफेरा भाई सक्षम अधाना उसके ही सेक्टर में रहता। उसके नाम से सेक्टर-डेल्टा वन स्थित आईसीआईसीआई बैंक में खाता खुलवाकर गोल्ड लोन लिया था। पीड़ित ने आरोप लगाया कि 21 अप्रैल को आरोपी सक्षम अपने तीन दोस्तों मोहित, नीरज और राहुल के साथ उसके घर पहुंचा था। लोन खाता बंद करवाने व जेवरात छुड़ाने के लिए उसे 10 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए दिए थे, लेकिन शाम तक लोन चुकाने का कोई संदेश उसके पास नहीं आया। इस संबंध में पूछने पर आरोपी टाल-मटोल करने लगा। वहीं, कोतवाली प्रभारी का कहना है कि चारों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही हैं।