रिटायर दारोगा ने बेटे को गोली मारकर की आत्महत्या
दादरी। कोतवाली दादरी क्षेत्र के दौलत राम कॉलोनी में पिता-पुत्र की कहासुनी होने पर रिटायर दारोगा ने बेटे को गोली मारकर खुद आत्महत्या कर ली। परिजनों ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर घायल बेटे को ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करा दिया है। जहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुुई है।
पुलिस के अनुसार दादरी के रेलवे रोड पर दौलतराम कॉलोनी में रिटायर दारोगा वचन सिंह परिवार के साथ रहते थे। बुधवार रात करीब 9:30 बजे बेटा राहुल ग्रेनो की निजी कंपनी में नौकरी से घर पर आया था। वचन सिंह शराब पी रहे थे। इसी बीच पिता वचन सिंह व पुत्र राहुल की कहासुनी होने लगी। विवाद बढ़ने पर वचन सिंह ने लाइसेंसी पिस्टल से राहुल को दो गोली मारी। एक गोली पैर में और दूसरी कंधे में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। उसके बाद रिटायर दारोगा ने खुद अपनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। मौके पर ही मौत हो गई है।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। घायल राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी सतीश कुमार के मुताबिक दारोगा वचन सिंह वर्ष 2017 में बिजनौर से दरोगा रिटायर हुआ था। घायल राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।