ग्रेटर नोएडा। थाना कासना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को दो नामजद और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बुलंदशहर निवासी अमित कुमार का कहना है कि गुरुवार को जीके फैशन साइट-5 में चचेरे भाई राहुल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। तहरीर में गुलशन, निवासी बुलंदशहर, उसके साथी मोहित, निवासी सहरसा, बिहार और एक अज्ञात पर मारपीट का आरोप है। मारपीट में राहुल के सिर पर गंभीर और गहरी चोटें आने की बात कही गई है। वहीं, प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।