औद्योगिक भूखंड पर निर्माण तेज करने के लिए हर सप्ताह अब यीडा में सीईओ करेंगे समीक्षा
450 आवंटियों के ही नक्शे स्वीकृत कराए गए
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी में औद्योगिक भूखंड आवंटित किए जाने के बावजूद उद्योग लगाने का काम ठीक से शुरू नहीं हो पा रहा है। भूखंडों की लीज डीड कराने के बाद भी केवल एक चौथाई आवंटियों ने ही नक्शा स्वीकृत या निर्माण शुरू कराया है। अब सीईओ राकेश कुमार सिंह ने उद्योग लगाने में तेजी लाने के लिए हर सप्ताह समीक्षा कर रिपोर्ट अधिकारियों से देने के लिए कहा है।
मंगलवार को प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक में सीईओ ने उद्योग लगाने की प्रगति की समीक्षा की। सीईओ ने नाखुशी जताई कि भूखंड आवंटन के बाद लीज डीड होने के बाद भी मानचित्र स्वीकृत कराने और निर्माण शुरू करने में देरी क्यों हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए गहन समीक्षा होनी चाहिए। अधिकारी देखें कि आखिर क्यों निर्माण शुरू नहीं हो पा रहे हैं। अगर प्राधिकरण के स्तर पर कोई दिक्कत है तो आवंटियों से वार्ता कर उसे दूर किया जाए। किसी तरह की देरी नक्शा स्वीकृत होने में नहीं होनी चाहिए। इसी तरह मौके पर निर्माण शुरू करने के लिए कार्ययोजना आवंटियों से लें। इस कार्ययोजना के मुताबिक मौके पर सत्यापन भी प्राधिकरण के अधिकारी कराएंगे। प्राधिकरण के मुताबिक करीब 3000 औद्योगिक भूखंड यमुना सिटी में विकसित किए गए हैं। इनमें से करीब 2550 आवंटियों की लीज डीड भी कराई जा चुकी है। इसके बाद भी केवल 450 आवंटियों के ही नक्शे स्वीकृत कराए गए हैं। लीज डीड और नक्शा स्वीकृत करा निर्माण शुरू करने के इस अंतर को ही प्राधिकरण न्यूनतम करने का प्रयास कर रहा है।
-
औद्योगिक भूखंडों पर निर्माण शुरू हों। उद्योग लगाए जाएं। इसमें तेजी लाने के लिए हर सप्ताह नक्शे स्वीकृति और निर्माण शुरू होने की समीक्षा की जाएगी। इससे ही यमुना सिटी का विकास होगा और रोजगार सृजित होंगे तभी यीडा का उद्देश्य पूरा होगा। - राकेश कुमार सिंह, सीईओ, यीडा