-मेज सॉल्वर, सुमो बॉट, बॉट्स कॉम्बैट और आरसी क्राफ्ट में हासिल किया पहला स्थान
-150 सामाजिक समाधानों पर टेक्डेक्स के जरिए देश दुनिया की तकनीक का समागम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के सेक्टर 21ए स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में हुए टेक्नोजियन वर्ल्ड कप 9.0 का समापन मंगलवार को हुआ। जहां ऑल इंडिया काउंसिल फॉर रोबोटिक्स एंड ऑटोमेशन (आईकरा) द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय महोत्सव में 60 से अधिक देशों के 22,00 से अधिक प्रतिभागियों ने 15 रोमांचक रोबोटिक्स चुनौतियों में हिस्सा लिया।
इस वर्ल्ड कप में भारत का सबसे ज्यादा जलवा रहा। यहां भारत ने मेज सॉल्वर, सुमो बॉट, बॉट्स कॉम्बैट और आरसी क्राफ्ट में पहला स्थान हासिल किया, जबकि अजरबैजान देश ने एफपीवी ड्रोन रेसिंग और आरसी क्राफ्ट में बेहतर प्रदर्शन किया। रूस ने थीम बॉट में बाजी मारी और ईराक ने इनोवेशन जूनियर श्रेणी में जीत दर्ज की। प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित टेडेक्स 2025 ने एआई, रोबोटिक्स, एआर,वीआर और आईओटी तकनीकों पर आधारित 200 से अधिक प्रोजेक्ट लगाए गए, जिसमें लाइव डेमो, पैनल चर्चा और स्टार्टअप–निवेशक मुलाकातें हुईं। वहीं इनोवेशन शोकेस में 150 से अधिक समाज से जुड़े समाधान प्रस्तुत हुए, जिनमें एआई आधारित स्वास्थ्य उपकरण और सतत खेती के लिए इको-फ्रेंडली रोबोटिक्स शामिल रहे। इस आयोजन में सिर्फ युवा ही नही बल्कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुरुग्राम, दिल्ली, हरियाणा, मुंबई और पश्चिम बंगाल से आए किशोरों और युवाओं ने भी अपने बेहतर प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए।
-
देश दुनिया की तकनीकों का समागम
टेक्नॉज़ियन ने एशिया, अफ्रीका, यूरोप, मध्य पूर्व और अमेरिका से आए नवाचारकर्ताओं, शिक्षकों और तकनीकी नेताओं को एक मंच पर जोड़ा। जहां ब्राजील, साउथ कोरिया, यूएई, रूस, नाइजीरिया, वियतनाम, साउथ अफ्रीका, मैक्सिको समेत 60 देशों की टीमों ने तकनीक और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। आईकरा अध्यक्ष राजकुमार शर्मा ने कहा कि टेक्नॉज़ियन सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं बल्कि देश दुनिया की प्रतिभार को एक ही स्थान पर लाना है। प्रतियोगिताओं में ड्रोन रेसिंग, रोबो सॉकर, बॉट्स कॉबैक्ट और एग्रीबॉट जैसे मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित किया।