14 और 17 सितंबर को मुल्लापुर स्टेडियम में होगा मैच
दोनों टीमें 14 और 17 सितंबर को मुल्लापुर स्थित न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में भिड़ेंगी। इसके बाद तीसरा और अंतिम वनडे 20 सितंबर को नई दिल्ली में खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब मुल्लापुर स्टेडियम किसी अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी करेगा। इससे पहले यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मुकाबले खेले जा चुके हैं। दोनों मैच डे-नाइट होंगे और दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।
भारत इस बार महिला विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। ऐसे में टूर्नामेंट से पहले यह सीरीज़ बेहद अहम मानी जा रही है। ऑस्ट्रेलिया मौजूदा चैंपियन है और पिछली बार भारत पांचवें स्थान पर रहा था। हालांकि इस बार घरेलू परिस्थितियों और टीम में मौजूद विश्व स्तरीय खिलाड़ियों के आधार पर भारतीय टीम को प्रबल दावेदारों में गिना जा रहा है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया महिला वन-डे 100 रुपये में देख सकते हैं
महिला वन-डे मैचों के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री शुरू हो गई है। दर्शक डिस्ट्रिक्ट वेंकटेस्वरा एप के जरिए टिकट बुक कर सकते हैं। पीसीए के आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी टिकट पाया जा सकता है। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में टिकटों की ऑफ लाइन बिक्री भी शुरू हो जाएगी। टिकटों की कीमत 100 रुपये से 3000 रुपये तक रखी गई है।
सबसे सस्ते टिकट अपर टियर सीटों के लिए उपलब्ध हैं। ड्रेस सर्कल सीटों के टिकट 1000 रुपये, प्रीमियम बॉक्स के 1500 रुपये और एसी बॉक्स के टिकट 2000 रुपये में खरीदे जा सकते हैं। कॉर्पोरेट बॉक्स के टिकट 3000 रुपये में मिलेंगे, जिनमें स्नैक्स और पेय पदार्थ की सुविधा भी होगी।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) अधिकारियों का कहना है कि टिकट दरें किफायती रखी गई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक स्टेडियम आएं और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं।