नोएडा से लेकर ग्रेनो और यमुना सिटी में भी जमकर हुई आतिशबाजी, तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले लोग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा/ ग्रेटर नोएडा/ यमुना सिटी। लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने पर नोएडा, ग्रेनो और यमुना सिटी में खूब जश्न मना। फाइनल में जीत के बाद गौतमबुद्ध नगर की सोसाइटियों से लेकर सेक्टरों में भारत माता की जय के नारे गूंजने लगे। सोसाइटी में निवासी तिरंगा लेकर सड़क पर निकल पड़े। कई सोसाइटियों और सेक्टरों में जमकर आतिशबाजी भी हुई। कई स्थानों पर एओए की ओर से मिठाइयां बाटी गईं। देर रात तक लोग एक दूसरे को बधाई देने में जुटे रहे।
इससे पहले रविवार को अलग-अलग सोसाइटियों में लोगों ने एक साथ बैठकर स्क्रीन पर मैच का आनंद लिया। व्हाइट ऑर्किड सोसाइटी के सचिव ऐश्वर्य कुमार पांडे ने बताया कि निवासियों के लिए स्क्रीन लगाई गई थी। जहां सभी ने बैठकर एक साथ मैच देखा है। टीम इंडिया को जीतने के लिए प्रार्थना की थी। वहीं पंचशील ग्रींस-1 के सचिव संदीप चौधरी ने बताया कि बास्केटबॉल कोर्ट के पास स्क्रीन लगाई गई थी। जहां बच्चे से लेकर बुजुर्गों ने एक साथ बैठकर स्टेडियम की तरह मैच देखा। सुपरटेक इकोविलेज -2 सोसाइटी निवासी राजकुमार ने बताया कि तीन दिन पहले ही स्क्रीन की व्यवस्था कर ली गई थी। लोगों के खाने-पीने की व्यवस्था सोसाइटी में की गई थी। ढोल पर नाच कर खुशी भी जाहिर की है। वहीं यमुनासिटी के रबूपुरा, जेवर, दनकौर और बिलासपुर में देर रात तक टीवी के सामने चिपके रहे। सोसाइटियों में मैच देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। सेक्टर-137 स्थित इको सिटी और सेक्टर-128 की कई सोसाइटियों में परिवारों के साथ लोगों ने मैच का आनंद लिया। जीत के बाद लोग सड़कों और पार्कों में निकल आए और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। वहीं सेक्टर-18 स्थित मॉल में भी बड़ी स्क्रीन पर मैच देख रहे क्रिकेट प्रेमी खुशी से झूम उठे।
इन सोसाइटियों में लगी स्क्रीन
भारत और न्यूजीलैंड के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए अजनारा होम्स सोसाइटी,निराला स्टेट सोसाइटी,व्हाइट ऑर्किड सोसाइटी, पंचशील ग्रीन एक सोसाइटी,सुपरटेक इको विलेज-2, 10वें एवेन्यू,11वें एवेन्यू, ऐस सिटी सोसाइटी,अरिहंत गार्डन सोसाइटी, महागुण माईवुड्स सोसायटी, रक्षा एडेला सोसाइटी के साथ कई सोसाइटियों में एक साथ बैठकर निवासियों ने मैच देखा।
भारत की यह बड़ी जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल है। नोएडा में जिस तरह हर सेक्टर और सोसाइटी में लोग एक साथ मैच देख रहे थे, वह शहर की एकता और खेल के प्रति प्रेम को दर्शाता है। -सेक्टर-47 निवासी लुबना सैफी
टीम इंडिया की जीत ने पूरे शहर को खुशी से भर दिया है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मिलकर जश्न मनाया, जिससे नोएडा में आज उत्सव जैसा माहौल बन गया। - सेक्टर-110 के खेल प्रेमी पुष्कर चंदना
बड़ी स्क्रीन पर देखा मैच, व्रत रख कामना की
नोएडा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बीते रविवार खेले गए भारत-न्यूजीलैंड आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले के दौरान नोएडा में त्योहार जैसा माहौल दिखा। मन में भारत की जीत की कामना लिए उत्साही दर्शकों के लिए सोसाइटियों, सेक्टरों के पार्कों समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीनें लगाईं गईं थीं। सुबह से ही नोएडा में भारत-भारत का जयघोष गूंजता सुनाई दिया। बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर भारत की जीत की कामना करते नजर आए। वहीं, युवाओं और बुजुर्गों में भी भरपूर उत्साह देखने को मिला। सेक्टर-36 के पार्क में ओपन स्क्रीन लगाई गई थी, जहां सुबह से ही बच्चे और युवा इकट्ठा होने लगे थे। स्थानीय निवासी अनीता सिंह ने बताया कि पार्क में बड़ी स्क्रीन लगाई गई है, ताकि बच्चे और परिवार एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकें। हर चौके-छक्के पर तालियां और जयकारों से पूरा पार्क गूंज उठा।
सेक्टर-26, सेक्टर-71, सेक्टर-110 और सेक्टर-122 की कई सोसाइटी के क्लबों में भी बड़ी स्क्रीनें लगाईं गईं थीं। सेक्टर-47, सेक्टर 150 स्थित टाटा यूरेका पार्क, सेक्टर 133 स्थित जेपी विशटाउन, किंग्सटन पार्क 1, सेक्टर-137 स्थित इको सिटी सोसाइटी और सेक्टर-128 की आवासीय सोसाइटियों में भी लोगों ने सामूहिक रूप से मैच देखा। साथ ही मॉल में भी क्रिकेट का खुमार दिखा। सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया, स्पेक्ट्रम मॉल में बड़ी स्क्रीन पर मैच का प्रसारण किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। उधर, देशवासियों ने भारत की जीत की कामना लिए मंदिरों में पूजा-अर्चना भी की। श्रद्धालुओं ने हवन और आरती कर भारत की विजय की कामना की। कई सेक्टरों की महिलाओं ने व्रत भी रखा और टीम इंडिया की सफलता के लिए प्रार्थना की। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।