- महिला वर्ग में गाजियाबाद और मेरठ फाइनल में पहुंचे, पुरुष वर्ग में रविवार को होंगे सेमीफाइनल मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को 27वीं अंतरजनपदीय पुलिस हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हुआ। मेरठ जोन की तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के मुकाबले कराए जा रहे हैं। पुरुष वर्ग में गौतमबुद्धनगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुलंदशहर को 10-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। रविवार को सेमीफाइनल में गौतमबुद्धनगर का मुकाबला बागपत से होगा।
प्रतियोगिता में मेरठ जोन के आठ जनपदों के 175 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 122 पुरुष और 53 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। पुरुष वर्ग में मेरठ ने गाजियाबाद को 1-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। बागपत ने सहारनपुर को 6-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, मुजफ्फरनगर और हापुड़ के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल की विजेता टीम सेमीफाइनल में मेरठ से भिड़ेगी।
महिला वर्ग के सेमीफाइनल में गाजियाबाद ने हापुड़ को 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मेरठ ने गौतमबुद्धनगर को 2-0 से शिकस्त दी। अब महिला वर्ग का फाइनल गाजियाबाद और मेरठ के बीच खेला जाएगा।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार ने किया। इस दौरान आयोजन सचिव एवं पुलिस उपायुक्त लाइन डॉ. प्रवीण रंजन सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त प्रथम कृष्णपाल सिंह, जिला हॉकी संघ के सचिव मंजीत सिंह, मीडिया प्रभारी हरेंद्र भाटी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी निरीक्षक सुनील कुमार भारद्वाज को सौंपी गई है।
रविवार को होंगे पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल
रविवार को पहले मुजफ्फरनगर और हापुड़ के बीच क्वार्टर फाइनल होगा। इसकी विजेता टीम सेमीफाइनल में मेरठ से भिड़ेगी। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में गौतमबुद्धनगर और बागपत आमने-सामने होंगे।