दनकौर। जमीन के विवाद में गिरफ्तार एक आरोपी ने मेडिकल के लिए जाते समय पर दूसरे पक्ष के आरोपी पर हथकड़ी से हमला कर दिया। घटना के बाद घायल आरोपी के परिजनों ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि हमला करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। दनकौर के पारसौल गांव में जमीन को लेकर बुधवार को दो पक्षों में विवाद हो गया था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सतपाल, सुनील, अनिल, देवेंद्र व जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और कोतवाली ले आई।
इसके बाद सभी को मेडिकल जांच के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। सभी को हथकड़ी लगी हुई थी। बताया गया कि रास्ते में दोनों पक्षों में दोबारा कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। जब तक वहां मौजूद पुलिसकर्मी आरोपियों को संभालते, इससे पहले ही एक पक्ष के आरोपी सतपाल ने दूसरे पक्ष के सुनील के सिर में हथकड़ी से हमला कर दिया। सुनील के सिर और आंख के पास चोट आई है। पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद सभी को दोबारा कोतवाली लाया गया। घटनास्थल से थोड़ी ही दूरी पर दोनों पक्षों के परिजन भी उपस्थित थे। घायल पीड़ित के परिवार ने कोतवाली में जमकर हंगामा किया। पुलिस का कहना है कि हमला करने वाले आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
चोरी की पांच बाइक के साथ दो गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात वाहन चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जेवर, टप्पल व कासना से चोरी की पांच मोटरसाइकिल, टायर और अन्य पार्ट्स बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान जेवर के कानीगढ़ी गांव भीम व अलीगढ़ के टप्पल थानाक्षेत्र के वैना गांव निवासी प्रशांत के रूप में हुई है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि होली चौक मोहल्ला निवासी विनोद कुमार शर्मा की मंगलवार को बाइक चोरी हो गई थी। उनकी शिकायत के बाद पुलिस ने विभिन्न जगहों पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान ही दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि केवल हीरो की स्पलेंडर की ही चोरी करते थे। चोरी के बाद कम कीमत में जेवर व अलीगढ़ के गांव में बाइक बेच देते थे।