महिला गिरफ्तार, पीड़ित का अस्पताल में चल रहा इलाज
पति को छोड़कर बच्चे को लेकर पीड़ित के साथ रह रही थी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। किशनगढ़ में सहमति संबंध में रहने वाली महिला ने झगड़ा होने पर युवक के सीने में चाकू घोंप दिया। घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों नगालैंड के रहने वाले हैं। घायल युवक की पहचान सैमुअल (27) के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करता है।
शनिवार को पुलिस को सफदरजंग अस्पताल से सैमुअल को चाकू मारने की जानकारी मिली। पुलिस को सैमुअल ने बताया कि झगड़े के दौरान महिला ने उस पर हमला किया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज बेबी को गिरफ्तार कर लिया। बेबी की 8 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका पांच साल का बेटा है। पति से विवाद होने के बाद बेबी एक साल से सैमुअल के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि सैमुअल इन दिनों दूसरी लड़कियों से बातचीत कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ तो बेबी ने सब्जी काटने वाले चाकू से वार दिया।