ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अजनारा होम्स सोसाइटी में अवैध रूप से बनाए गए क्योस्क व दुकानों पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बुधवार को कार्रवाई की है। प्राधिकरण की ओर से अवैध रूप से बने क्योस्क को सील किया गया। निवासियों ने कार्रवाई के बाद प्राधिकरण की टीम को सराहना की है।
एओए अध्यक्ष चंदन सिन्हा ने बताया कि कई महीनों पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सोसाइटी की बाजार में बने अवैध क्योस्क को लेकर शिकायत की गई थी। निवासियों का आरोप था कि इन अवैध क्योस्क में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। जो वहां पर शराब पीते हैं। साथ ही अन्य गतिविधियां करते हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। वहीं, दुकान वाले गंदगी को भी खुले में फेंक कर चले जाते हैं, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी। शिकायतों के बाद प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं अब प्राधिकरण के द्वारा बुधवार को सीलिंग की कार्रवाई की गई। साथ ही, 15 दिन के अंदर स्वयं न हटाने पर प्राधिकरण दोबारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा। ब्यूरो