तावडू। घुसपेठी गांव स्थित पहाड़ से अवैध खनन कर पत्थर लेकर जा रहे तीन डंपर चालकों द्वारा पुलिस टीम पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर तीन नामजद व दो अन्य लोगों के खिलाफ अवैध खनन सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी उप सहायक निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि अवैध खनन के रोकने के लिए पुलिस तावडू-सोहना रोड पर गांव पीपाका मोड़ के करीब मौजूद थी। उसी दौरान मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी की आरोपी मुबीन निवासी निंबाहेड़ी, जिला अलवर तीन डंपरों में पत्थर चोरी कर सोहना लेकर जाएगा, जिन्हें नाकाबंदी कर मौके से काबू किया जा सकता है।
सूचना के बाद पुलिस टीम ने पीपाका मोड़ के करीब नाकाबंदी की। कुछ देर बाद तीन डंपर पत्थर लेकर आते दिखाई दिए। करीब आने पर जब पुलिस टीम ने चालकों को रुकने के लिए इशारा किया तो उसी दौरान एक कार चालक पीछे से तेज गति से आया और डंपर चालकों से आवाज लगाकर बोला कि गाड़ी मत रोको और पुलिस पर चढ़ा दो, इतना कहते ही आरोपी डंपर चालकों ने जान से मारने की नियत से पुलिस पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया।
पुलिस जवानों ने मुश्किल से इधर-उधर भागकर जान बचाई। जांच अधिकारी के मुताबिक पुलिस ने पीछा कर डंपर चालक इमरान निवासी गांव निबांहेड़ी को गाड़ी सहित काबू कर लिया। जबकि दो डंपर चालक गाड़ी लेकर भाग गए। पुलिस ने आरोपी आरिफ उर्फ चौटाला निवासी गांव घुसपेठी, कार चालक मुबीन निवासी गांव निबांहेड़ी और दो डंपर चालकों के खिलाफ अरावली पर्वत से अवैध खनन कर सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने और पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से डंपर चढ़ाने का प्रयास करने का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।