टूरिस्ट बस से बिहार ले जा रहे थे 15 लाख की अवैध शराब बरामद
- बस के दोनों चालक और परिचालक समेत तीन गिरफ्तार, हरियाणा के मुरथल में लोड की थी शराब
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते बिहार जा रही टूरिस्ट वोल्वो बस से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने बस के दोनों चालक-परिचालक समेत तीन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपये की शराब जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के मुरथल स्थित गोदाम से बुधवार को वोल्वो बस में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की विभिन्न मार्का वाली 180 पेटियां सीट के नीचे लोड की गई थीं। बस में बिहार के मुजफ्फरपुर जाने के लिए 50 यात्री अंबाला में सवार हुए थे। बस को बुलंदशहर के गांव ढाकियोवाला मुरादपुर निवासी मोहम्मद साकिब चला रहा था। वोल्वो बस में दूसरा चालक अब्दुल्ला और परिचालक किठौर निवासी सलीम सवार थे। दादरी क्षेत्र के पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बील अकबरपुर गांव के पास नारकोटिक्स टीम और पुलिस ने जांच के लिए बस रोकी। जांच के दौरान बस से अंग्रेजी शराब के अलग-अलग मार्का की 180 पेटियां बरामद हुईं। अवैध शराब से भरी बस को कोतवाली दादरी में खड़ी कर दी गई है।
पांच खेप पहुंचा चुके हैं आरोपी
चालक मोहम्मद साकिब और अब्दुल्ला दोनों एक ही गांव निवासी हैं। परिचालक और दोनों चालकों में दोस्ती है। बिहार से शराब मंगाने वाले एजेंट चालकों को हर चक्कर के दस-दस हजार रुपये और परिचालक को पांच हजार रुपये देते थे। तीनों आरोपी शराब की पांच खेप बिहार पहुंचा चुके थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि सलीम एसी कारीगर है। सीजन समाप्त होने के बाद उसने पांच हजार रुपये प्रति चक्कर के लालच में आकर परिचालक का काम शुरू किया था।