ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के अंसल मॉल में अवैध रूप से हुक्का और शराब बार चलाया जा रहा था। पुलिस ने लुसिफर बार के संचालक दनकौर के गुनपुरा निवासी निशांत भड़ाना, प्रबंधक इटावा के जितेंद्र यादव और तुगलपुर निवासी कर्मचारी तुषार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि मालिक हिमांशु शर्मा फरार है। बार से पुलिस ने 15 हुक्के, पाइप, हुक्के में प्रयोग होने वाले फ्लेवर युक्त नशीले पदार्थ और दिल्ली मार्का बीयर की केन बरामद की है। पुलिस ने 20 छात्र और 8 छात्राओं को हिरासत में लिया लेकिन बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस को सोमवार को मुखबिर से ग्रेटर नोएडा जोन में अवैैध बार के संचालन की जानकारी मिली। डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एडीसीपी विशाल पांडेय, एसीपी महेंद्र सिंह देव और थाना प्रभारी विनोद कुमार टीम मौके पर पहुंचे। उस दौरान बार में बेखौफ होकर छात्र-छात्रा हुक्का और शराब का सेवन कर रहे थे। बार में रंगीन लाइट के साथ म्यूजिक पर युवा थिरक रहे थे।
आबकारी विभाग को भी नहीं लगी भनक
अंसल प्लाजा मॉल में चल रहे अवैध हुक्का और शराब बार की भनक आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी नहीं लगी। इससे पहले भी क्षेत्र में अवैध बार के खुलासे हो चुके हैं। विदेशी नागरिक भी अवैध बार का संचालन करते पकड़े गए हैं। ऐसे में शहर के पुराने मॉल में चल रहे बार की भनक न लगना आबकारी विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
दो माह पहले वीडियो हुआ था वायरल, नहीं की गई थी कार्रवाई
पूरे मामले में चौंकाने वाली बात ये सामने आई है कि जून में इसी बार के संचालन का एक वीडियो ट्विटर पर वायरल हुआ था। जिसे ट्वीट कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी। ट्विट करने वाले युवक के मुताबिक उसके पास स्थानीय नेताओं के कॉल आने लगी। दबाव बढ़ने पर युवक ने विडियो डिलीट कर दिया। वहीं पुलिस ने वीडियो को पुराना बताकर पल्ला झाड़ लिया था।
मिलीभगत मिली तो होगी कार्रवाई: डीसीपी
अवैध हुक्का व शराब बार का संचालन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे भी अभियान जारी रहेगा। इससे पहले मामला सामने आने पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। इसकी जांच की जाएगी। अगर, मिलीभगत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। - अभिषेक वर्मा, डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन