संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। रविवार को इंडियन इंजीनियरिंग सर्विस (आईआईएस) परीक्षा शहर के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। कुल 243 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन इनमें से केवल 132 (करीब 54.3 फीसदी) परीक्षार्थी ही पहुंचे। जानकारी के अनुसार, भौतिकी विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान के प्रश्नों ने अभियार्थियों को परेशान किया।
परीक्षा का आयोजन सेक्टर-51 होशियारपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और सेक्टर-12 स्थित भावराऊ देवरस सरस्वती विद्या मंदिर में किया गया था। बालिका इंटर कॉलेज केंद्र पर 204 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें 113 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे। वहीं भाऊराव देवरस सरस्वती स्कूल में 39 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन केवल 19 छात्र ही परीक्षा में शामिल हुए।
शहर में केवल दो केंद्रों पर ही इस परीक्षा को करवाया गया था। हालांकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, लेकिन सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।- राकेश कुमार सिंह, डीआईओएस