नोएडा प्राधिकरण ने मार्केट एसोसिएशन, होटल और रेस्तरां संचालकों के साथ बैठक में दी चेतावनी, एक जुलाई से लागू होगा नियम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सूखा और गीला कूड़ा एक साथ देने वालों पर नोएडा प्राधिकरण एक जुलाई से 500 रुपये जुर्माना लगाएगा। बृहस्पतिवार को होटल, रेस्तरां, मार्केट एसोसिएशन और बल्क वेस्ट जनरेटर्स के साथ हुई बैठक में यह चेतावनी दी है। वहीं अगले हफ्ते मंगलवार से अनुबंधित एजेंसी मिक्स कूड़ा नहीं उठाएगी।
प्राधिकरण स्वच्छ सर्वेक्षण में गार्बेज फ्री शहरों की रैंकिंग में सेवन स्टार के लिए दावेदारी पेश करेगा। उससे पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की कवायद कर रहा है। इसी सिलसिले में सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में बैठक की। इसमें मैसर्स गाईडेड फॉर्च्यून समिति की प्रोजेक्ट मैनेजर पारूल रौथाण ने बल्क वेस्ट जनरेटर्स के दायित्व बताए।
जन स्वास्थ्य विभाग के परियोजना अभियंता गौरव बंसल ने कहा कि शत प्रतिशत सूखा-गीला कचरे को अलग-अलग करने और उसके निस्तारण की जानकारी दी गई। जनस्वास्थ्य विभाग के इंदु प्रकाश सिंह समेत सहायक परियोजना अभियंता उमेश त्यागी, राहुल गुप्ता, आरडब्ल्यूए, एओए व होटल, रेस्तरां और मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।