यमुना सिटी।
जेवर के दयानतपुर गांव में अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे किसानों ने कहा कि प्राधिकरण ने अगर किसानों की मांगे पूरी नहीं की और उन्हें जबरदस्ती धरनास्थल से उठाने की कोशिश की, तो किसान जल्द ही जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे। किसान करीब 105 दिनों से यमुना एक्सप्रेस-वे के हाईवे का 7 प्रतिशत आवासीय प्लाट की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया है कि यमुना प्राधिकरण किसानों से जमीन लेने के बाद 7 प्रतिशत आवासीय प्लाट देने का वादा पूरा नहीं कर रही है। उन्होंने प्राधिकरण को चेतावनी दी है कि जब तक किसानों को आवासीय प्लाट नहीं मिलेगा, तब तक 60 मीटर सर्विस रोड और 120 मीटर सर्विस रोड का काम पूरा नहीं करने दिया जाएगा। किसानों के मांगों को लेकर अब भारतीय किसान यूनियन (कृषक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण नागर ने भी प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर किसानों की मांगों पूरा करने की बात कही है। वहीं, धरने पर राकेश कुमार, वीरपाल और ओमवीर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे। ब्यूरो