ग्रेटर नोएडा। जनगणना के लिए ड्यूटी पर नहीं पहुंच रहे कर्मचारियों को बुधवार शाम तक का समय दिया गया है। ग्रेटर नोएडा के चार्ज अधिकारी और ग्रेनो प्राधिकरण के ओएसडी मुकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनगणना में जिन कर्मचारियों की प्रागणक के रूप में ड्यूटी लगी है। अगर वे बुधवार शाम तक अपनी ड्यूटी रिसीव नहीं करते हैं। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रबंधन से भी कहा है कि जनगणना में लगे कर्मचारियों को पूरा सहयोग करें। इसमें किसी तरह की बाधा न बनाएं। ऐसा करने पर प्रबंधन के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है उनको प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन सभी कर्मचारियों को 20 जून तक जनगणना पूरी करनी है। कई कर्मचारी अब भी अपना काम शुरू नहीं किए हैं। अगर किसी के एरिया के प्रागणक से संपर्क न हो, तो प्राधिकरण क्षेत्र में वर्क सर्किल प्रभारी, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक व सुपरवाइजर से संपर्क कर सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ और जनगणना के लिए नोडल अधिकारी सुमित यादव ने सभी आरडब्ल्यूए और एओए से अपील की है कि जनगणना में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को पूरा सहयोग करें। उनको सेक्टर या सोसाइटी में प्रवेश करने में कोई परेशानी न हो। उनका पहचान पत्र व ड्यूटी पत्र का परीक्षण कर प्रवेश करने दें।