कार्रवाई नहीं हुई तो खटखटाएंगे हाईकोर्ट का दरवाजा छात्रा की हत्या के मामले में नामजदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर बोले परिजन संवाद न्यूज़ एजेंसी
दादरी। छात्रा की हत्या के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने के मामले में डेढ़ माह बाद भी विश्वविद्यालय समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर दो सप्ताह में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की गई तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
कानपुर निवासी बीए तृतीय वर्ष की छात्रा शिव नादर विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही थी। 18 मई को सहपाठी ने विश्वविद्यालय परिसर के सामने बने डायनिंग हॉल के पास छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। छात्रा के पिता ने 25 मई को विश्वविद्यालय प्रशासन, कर्मचारी समेत पांच के खिलाफ दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
छात्रा के चाचा अनिल कुमार चौरसिया का कहना है कि मामले में नामजद रिपोर्ट कराने के बाद भी पुलिस लापरवाही कर रही है। पीड़ित परिवार पुलिस से मिलने के लिए कई बार कानपुर से दादरी भी आए, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिला। जब भी पुलिस से संपर्क किया जाता है तो बहाना बनाया जाता है कि जुलाई में विश्वविद्यालय के छात्र आएंगे तब बयान लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर 15 जुलाई तक पुलिस मामले में नामजदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। न्याय मिलने तक चुप नहीं बैठने का संकल्प लिया है।
एसीपी सार्थक सेंगर का कहना है कि मामले में जांच चल रही है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा ।