- ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित डीपीएस की छात्रा ने बनाई डिवाइस
- इंस्पायर अवार्ड में चुनी गई,सरकार ने दिए 10 हजार रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल की 10वीं की छात्रा चरवी रस्तोगी ने बारिश से कपड़ों को भीगने से बचाने के लिए हाइड्रोहाइड डिवाइस बनाई है। इसमें कपड़ों का स्टैंड बारिश होने पर स्वत बंद हो जाता है। यह रेन डिटेक्टिंग सेंसर पर काम करता है,जिसका उपयोग कपड़ों को कभी भी होने वाली बारिश से बचाने के लिए किया जाता है।
चारवी रस्तोगी ने बताया कि हाइड्रो हाइड एक नया उपकरण है,जिसे कपड़ों को बारिश से स्वचालित रूप से बचाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह स्मार्ट समाधान सुनिश्चित करता है कि सूखने के लिए लटकाए गए कपड़े कभी भी होने वाली बारिश की बौछारों से सुरक्षित रहें, जिससे मैन्युअल कुछ नहीं करना होता है। काम करने वाली व घर में रहने वाली महिलाओं को कई बार बारिश की जानकारी नहीं हो पाती है। बालकनी में कपड़े भीग जाते है। इसकी मदद से उन्हें काफी राहत मिलेगी। कपड़ों को बारिश के पानी से खराब होने की संभावना कम होती है। इसे स्वचालित रूप से संचालित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
-
इंस्पायर अवार्ड के लिए चुना
इसे उपकरण को इंस्पायर अवार्ड में भी चुना गया है। सरकार की ओर से इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए अभी 10 हजार रुपये दिए गए हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य मंजू वर्मा ने बताया कि छात्रों को नवाचार के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें विकसित भारत के सपने के तहत तैयार किया जा रहा है। नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए कई स्टार्टअप के योद्धाओं को भी स्कूल में बुलाया जाता है। उनके द्वारा उन्हें क्लास दी जाती है,जिससे वह अच्छे से अच्छे आइडिया जनरेट कर सके।