जिले में हाइब्रिड वाहनों का दबदबा, दिवाली से पहले 30 फीसदी की बुकिंग
-पिछले तीन साल में 31 हजार से अधिक बिके ई-वाहन, छह हजार वाहन हुए बुक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रदेश में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों पर मिल रही छूट की अवधि अब समाप्त हो चुकी है। इसी सोमवार को इस योजना का अंतिम दिन रहा। खरीदारों की लंबी कतारें शोरूम के बाहर देखी गईं। पिछले तीन वर्षों (2022-2025) में गौतमबुद्ध नगर में कुल 31,923 इलेक्ट्रिक व हाइब्रिड वाहन बिके, जिससे यह योजना खासी सफल रही। वहीं यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में सरकार ने इन वाहनों पर 312 करोड़ रुपए का कर माफ किया। सबसे अधिक चार पहिया वाहन चालकों ने इसका लाभ लिया। इनका सबसे अधिक 276 करोड़ रुपये का कर माफ हुआ। दो पहिया वाहन मालिकों का छह करोड़, बाकी वाणिज्यिक वाहनों का 29 करोड़ रुपए का कर माफ किया गया है। इसमें वाणिज्यिक वाहनों के साथ-साथ निजी वाहन भी शामिल हैं। इसमें सबसे अधिक चार पहिया वाहन पंजीकृत हुए हैं। इन तीन वर्षों की बात करें तो रिकॉर्ड 10 हजार से अधिक ईवी और हाइब्रिड वाहन पंजीकृत हुए हैं। वाणिज्यिक श्रेणी में ई-रिक्शा और ई-ऑटो की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही। करीब पांच हजार से अधिक ईवी दो पहिया वाहन पंजीकृत हुए हैं।
पंजीकरण शुल्क माफ साथ एक लाख की सब्सिडी
सरकार ने इस योजना में पंजीकरण शुल्क को पूरी तरह माफ किया गया था, साथ ही एक लाख की सब्सिडी भी दी जा रही थी। उदाहरण के लिए अगर किसी ने 35 लाख की हाइब्रिड कार खरीदी, तो वाहन मालिक को 3.85 लाख रुपए पंजीकरण शुल्क नहीं देना पड़ा। साथ ही परिवहन विभाग की ओर से उस वाहन की खरीद पर उसे एक लाख रुपए की सब्सिडी भी दी गई। यानी वाहन मालिक को इसमें सीधे तौर पर पांच लाख रुपए तक का लाभ मिला। परिवहन विभाग के अनुसार दीपावली तक भी इलेक्ट्रिक वाहनों की बुकिंग कराने वाले ई-वाहन खरीदारों को सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा।
ई-वाहनों में सब्सिडी की योजना कामयाब रही। दीपावली में भी बुकिंग करने वालों को सब्सिडी का लाभ मिल सकेगा, हालांकि अब सिर्फ प्रदेश में निर्मित वाहनों पर ही लाभ मिल सकेगा।
-सियाराम वर्मा, संभागीय परिवहन अधिकारी