सेक्टरों में सात दिनों से पानी को लेकर हाहाकार, फिर भी कान बंद कर बैठे अधिकारी
- गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से कई सेक्टरों में संकट, एक टैंकर के भरोसे लोग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के कई सेक्टरों में सात दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। गंगाजल की आपूर्ति बंद होने से लोगों को रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने में परेशानी हो रही है। कहीं नलों में पानी नहीं आ रहा तो कहीं कम दबाव से आपूर्ति हो रही है। सेक्टर-71 निवासी जगदीश ने बताया कि लोगों को पीने के लिए बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। कई जगह एक टैंकर के भरोसे पूरा सेक्टर है। सेक्टर-12, 11, 53 के कंचनजंगा अपार्टमेंट, सेक्टर-71 के शिव शक्ति अपार्टमेंट, सेक्टर-82, 99, 120 और 144 समेत कई इलाकों में समस्या बनी हुई है। पानी की कमी से खाना बनाने, नहाने और कपड़े धोने जैसे काम प्रभावित हो रहे हैं। बोतलबंद पानी खरीदने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ रहा है।
एक टैंकर से कैसे पूरी होगी जरूरत-
सेक्टर-53 कंचनजंगा अपार्टमेंट के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष राम लखन चौधरी ने बताया कि सैकड़ों परिवारों की जरूरत पूरी करने के लिए एक टैंकर पर्याप्त नहीं है। पानी भरने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता है और कई बार पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। निवासियों का आरोप है कि स्थायी समाधान के बजाय टैंकर भेजकर औपचारिकता पूरी की जा रही है। उन्होंने नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।