लहरपुर में अस्पताल सील करवाते स्वास्थ्य अधिकारी।
लहरपुर (सीतापुर)। धन के अभाव में बुजुर्ग को अस्पताल से निकालने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर के सिमना हॉस्पिटल में छापा मारा। जांच में जरूरी दस्तावेज न मिलने पर संचालक को नोटिस देकर अस्पताल को सीज कर दिया गया।
सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर गठित स्वास्थ्य विभाग टीम के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश त्रिपाठी व नायब तहसीलदार अशोक यादव ने नगर के सिमना हॉस्पिटल पर छापा मारा। इस दौरान अस्पताल का पंजीकरण न मिलने, अस्पताल मानकविहीन होने और चिकित्सकों के न मिलने पर नोटिस देकर अस्पताल को सीज कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक आगामी 12 सितंबर तक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि गत 27 अगस्त को क्षेत्र के ग्राम दर्जिनपुरवा निवासी समी को परिजनों ने सिमना अस्पताल में भर्ती कराया था। आरोप है कि धन के अभाव में समी को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया था। 29 अगस्त के अंक में बुजुर्ग को अस्पताल से निकाला शीर्षक से अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद मामले का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए टीम गठित की। सोमवार को टीम ने उक्त अस्पताल को जांच के बाद सीज कर दिया। इस संबंध में नोडल अधिकारी डॉ. मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सिमना अस्पताल की जांच की गई तो जरूरी दस्तावेज नहीं मिले, जिसके चलते अस्पताल को सीज करते हुए नोटिस दिया गया है।