ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अपर जिलाधिकारी मंगलेश दुबे और जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की समस्याएं उठाईं। संघ ने जनगणना कार्य में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान लगाए गए शिक्षकों को उपार्जित अवकाश देने की मांग की। साथ ही परिषदीय विद्यालयों में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और विभिन्न परीक्षाओं में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी करने वाले शिक्षकों का मानदेय समय पर भुगतान कराने की मांग की। शिक्षक नेताओं ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा-2023 में ड्यूटी करने वाले कई शिक्षकों का मानदेय दो वर्ष बाद भी लंबित है। एडीएम ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर अशोक शर्मा, जिला अध्यक्ष प्रवीन शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अरविन्द शर्मा, सतीश पीलवान आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो