ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर बीटा-1 में कूड़ा संग्रहण शुल्क को लेकर निवासियों के बीच असमंजस है। इस मुद्दे पर सेक्टरवासियों और आरडब्ल्यूए ने बैठक कर चिंता जताई और प्राधिकरण से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। आरडब्ल्यूए पदाधिकारी हरेंद्र भाटी का कहना है कि कूड़ा संग्रहण शुल्क को लेकर अलग-अलग जानकारियां सामने आ रही हैं, जिससे भ्रम बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कूड़ा संग्रहण के लिए शुल्क निर्धारित किया गया है तो इसकी आधिकारिक जानकारी प्राधिकरण और संबंधित एजेंसी द्वारा सार्वजनिक की जानी चाहिए।
इस विषय पर रविवार को विभिन्न सेक्टरों में बैठकें होंगी, जबकि सोमवार सुबह 11 बजे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपे जाएंगे।