ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुलंदशहर निवासी दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि उनके भाई नवीन कुमार 29 अगस्त को दिल्ली के सरिता विहार स्थित मेन प्लांट में काम करने जा रहे थे। सनलॉड कंपनी के पास कच्ची सड़क पर पैदल जाते समय पीछे से आए अज्ञात वाहन ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कारखाने के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए यथार्थ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान 1 सितंबर को उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो