छिबरामऊ। नगर के हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज के खेल मैदान में मंगलवार को जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता हुई। इसमें जिले की 52 माध्यमिक विद्यालयों की टीमों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। तीन आयु वर्ग में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में हीरालाल इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने दबदबा कायम रखा।
मंगलवार को काॅलेज के खेल मैदान पर पहुंचे डीआईओएस पप्पू सरोज ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अंडर 19 बालक वर्ग में हुए फाइनल मुकाबले में हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज ने बाबा हरीपुरी इंटर काॅलेज कसावा को हराया। वहीं बालिका वर्ग में ऋषि भूमि इंटर काॅलेज सौरिख ने हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज की टीम को पटखनी दी।
अंडर 17 बालक वर्ग में पीवी इंटर काॅलेज प्रेमपुर ने ऋषि भूमि इंटर काॅलेज, सौरिख बालिका वर्ग में हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज ने भारतीय शिक्षा सदन इंटर काॅलेज सिकंदरपुर को हराकर जीत दर्ज की। अंडर 14 बालक वर्ग में हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज ने पीवी इंटर काॅलेज को हराया। बालिका वर्ग में हीरालाल वीएन इंटर काॅलेज ने ऋषि भूमि इंटर काॅलेज को हराकर मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए दस्तक दी।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य राधाबल्लभ मिश्रा, अजय कुमार, सरोज यादव, श्यामकिशोर त्रिपाठी की देखरेख में प्रतियोगिता के निर्णय सुनाए गए। जिला क्रीड़ा सचिव सुनील कुमार यादव ने बताया कि विजेता टीमें 26 सितंबर को मंडलीय कबड्डी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस दौरान मेजर संदीप माधव, दीपक कुमार, सत्यपाल सिंह, अजय चौरसिया, रामजीत, डाॅ. अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।
प्रतिस्पर्धा करें पर वैमनस्यता नहीं: डीआईओएस
विभिन्न विद्यालयों की टीमों से परिचय प्राप्त करने के बाद डीआईओएस पप्पू सरोज ने कहा कि खेल हम सभी के जीवन के अभिन्न अंग हैं। मोबाइल के प्रचलन ने इन खेलों से युवा पीढ़ी को दूर कर दिया है। उम्र के हर पड़ाव में हम सभी को खेलों में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों को नसीहत देते हुए खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रतिस्पर्धा करें पर आपस में वैमनस्यता नहीं पालनी चाहिए। पूर्व प्रबंधक आलोक गुप्ता ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक छात्रों का भविष्य तय करती है। यहीं से प्रत्येक छात्र को बेहतर भविष्य के लिए एक लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। कार्यक्रम को प्रबंधक मीनू गुप्ता व प्रधानाचार्य राधावल्लभ मिश्रा ने भी संबोधित किया।