कहा- अरविंद केजरीवाल दे रहे भ्रामक बयान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पाकिस्तान से प्रताड़ित होकर देश में आए हिंदू शरणार्थियों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के पास बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। चंदगीराम अखाड़े के पास प्रदर्शन में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे। शरणार्थियों ने हाथों में बैनर व पोस्टर ले रखे थे। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से सीएए पर दिए बयान वापस लेने की मांग की। जब प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक लिया। शरणार्थी कैंप के प्रमुख धर्मवीर सोलंकी ने कहा कि पाकिस्तान में दूसरे कौम के नेता परेशान करते थे, यहां हिंदू नेता ही हिंदू शरणार्थियों के खिलाफ हैं। ऐसे में हिंदू शरणार्थी कहां जाएंगें। भारत ही उनकी आखिरी आस है। यही उनका असली घर है। केंद्र सरकार ने सीएए लागू करके यहां उन्हें नया जीवन दिया है, लेकिन दिल्ली सरकार आशियाना बनाने के बदले, उजाड़ रही है। केजरीवाल उनका दर्द नहीं समझते। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अभी उन्हें कोई सुविधा नहीं मिल रही है। ऐसे में केजरीवाल के बयान ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया है। हिंदू शरणार्थी राम ने कहा कि केजरीवाल सीएए को लेकर भ्रामक बयान दे रहे हैं। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए। यह हिंदू शरणार्थियों के हित में नहीं है।