- सेवा के साथ विशेषज्ञ प्रशिक्षण का नया मॉडल, सीएपीएफ स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक पहल करते हुए ग्रेनो स्थित सीएपीएफ रेफरल अस्पताल में हिमवीर स्नातकोत्तर संस्थान (पीजीआई) की शुरुआत की है। इस संस्थान का उद्घाटन आईटीबीपी के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर (आईपीएस) द्वारा किया गया।
हिमवीर पीजीआई के शुरू होने से डॉक्टर सेवा में रहते हुए ही उच्च प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। संस्थान प्रमुख डॉ. डी के वर्मा ने बताया कि 200 बिस्तरों वाले सीएपीएफ रेफरल अस्पताल को उन्नत तृतीयक देखभाल और शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। संस्थान ने जनरल मेडिसिन, पैथोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, एनेस्थीसिया और फैमिली मेडिसिन जैसे पांच विषयों में नौ स्नातकोत्तर सीटों के साथ अपनी शुरुआत की है। इनमें आईटीबीपी और सीआरपीएफ के छह डॉक्टर पहले ही प्रशिक्षण के लिए शामिल हो चुके हैं। भविष्य में इसे 50 एमबीबीएस सीटों वाले पूर्ण चिकित्सा महाविद्यालय के रूप में विकसित करने की योजना है। उद्घाटन समारोह में सीएपीएफ, एनएसजी और असम राइफल्स के एडीजी (मेडिकल) डॉ. विनोद कुमार, आईजी डॉ. बलराज बेगरा आदि उपस्थित रहे।