12 सीकेटीपी-14- परिचय- काली घाटी पर पलटी डीसीएम में लदे मवेशी। संवाद
चित्रकूट। मानिकपुर के काली घाटी में सोमवार को मवेशियों से लदी तेज गति से जा रही डीसीएम मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे 13 भैंसों की मौत हो गई। डीसीएम में 24 मवेशी लदे थे जबकि डीसीएम की क्षमता 10 मवेशियों के भरने की ही थी। घटना के बाद डीसीएम के चालक, परिचालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। डीसीएम पलटने की वजह से मानिकपुर चित्रकूट व सतना मार्ग पर एक घंटे जाम भी लगा रहा।
सरैंया निवासी संदीप कुमार ने बताया कि मध्य प्रदेश के सतना से मवेशी लादकर डीसीएम कौशांबी जा रही थी। इसमें 24 भैंस व पड़वा लदे थे। मानिकपुर के काली घाटी के मोड़ पर पहुंचते डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाईं में जा गिरी। डीसीएम इतनी तेज थी कि इसके पलटते ही मवेशी एक दूसरे के ऊपर चढ़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर डीसीएम को सीधा कराया और मवेशियों को बाहर निकलवाया। इससे 12 भैंस व एक पड़वा की मौत हो गई। अन्य 11 भैंसे घायल हो गईं। पुलिस ने पशु पालन विभाग को घटना की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. तरुण कुमार साहू व डॉ. पंकज सिंह ने घायल मवेशियों का इलाज किया। मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि होने की बात कही जा रही है लेकिन पुलिस कुछ खुलकर बोलने के लिए तैयार नहीं है। आखिर 12 घंटे के बाद भी पुलिस पूरे मामले की जानकारी देने से कतरा रही है। सीवीओ डॉ. सुरेश कुमार पांडेय ने बताया कि सूचना पर दो डॉक्टरों की टीम भेजी गई थी। जिन्होंने घायल मवेशियों का इलाज किया और मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम किया गया है।
सीओ यामीद अहमद ने बताया कि डीसीएम पलटने की जानकारी पर पुलिस पहुंची और मवेशियों को बाहर निकलवाया। इसमें 13 मवेशियों की मौत हो चुकी थी। वाहन की गति स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग 100 किमी प्रति घंटे की रही होेगी। तेज गति में मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ने से वाहन पलटा है। जाम लगने पर वाहन हटवाकर यातायात शुरू कराया गया।