पानी में डूबी हाईराइज की पार्किंग
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में जहां एक ओर निवासियों के लिए बारिश राहत लेकर आई। वहीं दूसरी ओर हाईराइज सोसाइटियों में लोगों के लिए बारिश मुसीबत बनकर सामने आई है। शहर की कई हाईराइज सोसाइटियों में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने पर फिर से जिम्मेदारों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
डेल्टा एक मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित हेमिस्फेयर सोसायटी के बेसमेंट और पार्किंग क्षेत्र में करीब तीन फीट तक पानी जमा होने से निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि लंबे समय तक भवन के नीचे पानी जमा रहना केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि सुरक्षा का भी गंभीर विषय है।
सोसायटी निवासी अनिल अग्रवाल ने बताया कि पार्किंग और ग्रीन एरिया में लगातार पानी जमा है। पहले तल पर कार्यालय होने के कारण रोजाना यहां आना-जाना होता है। नीचे जमा पानी देखकर चिंता होती है कि लंबे समय तक नमी और पानी रहने से भवन की नींव और संरचना पर क्या असर पड़ेगा। वहीं एससी राठी ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से बारिश के दौरान सोसायटी के चारों ओर जलभराव की स्थिति बन रही है। दावा है कि पिछले करीब दस दिनों से बेसमेंट में गंदा पानी जमा है।
इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी के साथ मच्छरों और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सोसायटी से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर प्राधिकरण का कार्यालय होने के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सका है। लोगों ने ग्रीन बेल्ट के हिस्से में पार्किंग विकसित किए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी भी जांच की मांग की है। वहीं ग्रेनो वेस्ट की भी कई सोसाइटियों में बेसमेंट में पानी भर जाने से लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। निवासियों का कहना है कि हर साल की यही हाल हो चुका है। अब उन्होंने शांत रहना सीख लिया है।