हाईकोर्ट ने डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश को निरस्त कर गोल्डन पॉम एओए को किया बहाल
15 मई को डिप्टी रजिस्ट्रार ने नोटिस जारी करते हुए एओए को किया था भंग
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर की द गोल्डन पॉम सोसाइटी की एओए के निरस्तीकरण के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश को हाईकोर्ट ने निरस्त कर एओए को बहाल कर दिया। अब अगले छह सप्ताह में नई एओए का गठन कर लिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी भी कोर्ट ने डिप्टी रजिस्ट्रार को सौंपी है।
वहीं दूसरी ओर एओए ने सोसाइटी का माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कुछ लोगों की शिकायत की है। बतादें कि 15 मई को डिप्टी रजिस्ट्रार ने कार्यालय की ओर से जारी कई निर्देशों का पालन न करने का हवाला देते हुए सेक्टर 168 स्थित द गोल्डन पॉम सोसाइटी की एओए के निरस्तीकरण का आदेश दिया था। इसके बाद एओए के बैंक खाते भी सीज हो गए। एओए अध्यक्ष दीपेंद्र चौधरी ने 24 मई को हाईकोर्ट में डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश को चुनौती दी थी। इसके बाद 27 मई को हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश को निरस्त कर एओए को बहाल कर दिया। इसके बाद एओए ने राहत की सांस ली। इसी आदेश के साथ उन्होंने अगले छह सप्ताह के भीतर एओए के चुनाव संपन्न करने के भी निर्देश दिए हैं। ऐसे में अब जल्द ही नई एओए का गठन किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। बतादें कि सोसाइटी के कुछ निवासियों की ओर से डिप्टी रजिस्ट्रार को बार-बार एओए की ओर से की जा रही अनियमितताओं को लेकर शिकायत की जा रही थी, जिसके बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने एओए को भंग करने का आदेश दिया था। हालांकि हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब निवासी नई एओए के बनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने को लेकर किया हंगामा
गोल्डन पॉम सोसाइटी के कर्मचारियों ने इस बीच मंगलवार को वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके बाद मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। एओए अध्यक्ष दीपेंद्र चौधरी ने सभी को समझाया और वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद वह शांत हुए और धरना समाप्त हुआ। दीपेंद्र का कहना है कि डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश के चलते मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने पर रोक लगा दी गई थी, जबकि बढ़ती महंगाई और न्यूनतम वेतन दर लागू होने के चलते उन पर वेतन बढ़ाने का दबाव बढ़ रहा था। हालांकि उनका कहना है कि नई एओए आते ही उनसे वेतन बढ़ाने का आग्रह किया जाएगा।
ग्रुप के जरिए भ्रामक जानकारी फैलाने पर की शिकायत
एओए अध्यक्ष दीपेंद्र चौधरी ने बताया कि सोसाइटी के कुछ बाहरी लोग ग्रुप बनाकर लोगों को भ्रामक जानकारियां देकर उन्हें गुमराह कर रहे हैं। इससे सोसाइटी की छवि धूमिल होने के साथ निवासियों में असंतुष्टि पैदा हो रही है, जिसके बाद उनकी ओर से पुलिस अधिकारियों से शिकायत की गई है।
वर्जन
कोर्ट के आदेश की कॉपी मिलते ही सोसाइटी में एओए चुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही चुनाव अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जिनकी देखरेख में चुनाव संपन्न कराए जाएंगे। -
वैभव कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स, गाजियाबाद जोन