नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों पर लगेगी रोक
सुबह सात से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों को प्रतिबंधित करने की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सुबह सात से रात 11 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों को प्रतिबंधित करने की तैयारी तेज हो गई है। आज इस व्यवस्था का ट्रायल होगा। लोगों की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए इस बदलाव से प्रभावित होने वाले पक्षों के साथ पुलिस बैठक भी करेगी।
डीसीपी यातायात अनिल कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को सेक्टर-108 पुलिस आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में नो एंट्री, मुख्य रास्तों पर ई-रिक्शा प्रतिबंधित करने सहित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। पहले से लागू नो एंट्री के आदेश में अब बदलाव किया जाएगा। दिल्ली की तर्ज पर नोएडा के रास्तों पर इस व्यवस्था को लागू किए जाने पर विचार किया जाएगा। मुख्य रास्तों पर ई-रिक्शा पूरी तरह से प्रतिबंधित किए जाने पर विचार किया जाएगा। जल्द ही इस व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर योजना को अंतिम रूप दिया जाएगा। योजना लागू करने से पहले संबंधित लोगों को व्यवस्था बनाने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा, ताकि कोई परेशान न उठानी पड़े।
-
विभाग द्वारा कुछ रास्तों पर ई-रिक्शा पर रोक लगाने की योजना है, जो निम्न है
● सेक्टर-1 गोलचक्कर से अट्टा मार्केट, सेक्टर-37 तक दोनों ओर
● एमपी वन रास्ते पर सेक्टर-3 रजनीगंधा से सेक्टर-12-22-56 तिराहे तक
● एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-18 से 60 तक दोनों ओर
● एमपी टू रास्ते पर सेक्टर-18 अंडरपास से निठारी चौक तक एलिवेटेड रोड के नीचे दोनों ओर
● सेक्टर-14ए से महामाया फ्लाईओवर तक दोनों ओर
● नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर के रास्ते पर
● सेक्टर-60 अंडरपास से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन होते हुए सेक्टर-75-76 यू-टर्न तक दोनों ओर
● सेक्टर-62 मॉडल टाउन गोलचक्कर से सेक्टर-60 अंडरपास तक दोनों ओर
● छिजारसी एसजेएम अस्पताल तिराहे से मॉडल टाउन गोलचक्कर तक दोनों ओर
● एसजेएम अस्पताल छिजारसी से पर्थला गोलचक्कर तक दोनों ओर
● यथार्थ कट सेक्टर-110 से वाया महर्षि आश्रम चौक होते हुए लोटस ब्लू वर्ड तिराहा सेक्टर-100 तक दोनों ओर