झमाझम बारिश से बदला मौसम, आज भी येलो अलर्ट जारी
नोएडा का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
नोएडा/ग्रेटर नोएडा/यमुना सिटी। एनसीआर में मानसून के सक्रिय होने के बाद मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को रुक-रुककर हुई बारिश ने जहां एक ओर लोगों को चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत दिलाई, वहीं बारिश के बाद बढ़ी उमस ने लोगों को पसीने-पसीने कर दिया। मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज भी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
मंगलवार को नोएडा का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में आद्रता 83 प्रतिशत रहने के कारण उमस का असर काफी ज्यादा महसूस किया गया। वहीं, यमुना सिटी और रबूपुरा क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई और रबूपुरा का तापमान गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने से उत्तर भारत में झमाझम बारिश की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में 4 से 7 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना बन रही है। आज भी सुबह से दोपहर तक मध्यम बारिश और रात में हल्की बारिश के आसार हैं। इस पूरे सप्ताह हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है और तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
प्रदूषण से राहत, एक्यूआई पहुंचा 'ग्रीन जोन'
लगातार हो रही बारिश का सबसे सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर देखने को मिला है। बारिश के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा का प्रदूषण पूरी तरह धुल गया है। मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 58 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 99 दर्ज किया गया, जो कि संतोषजनक और 'ग्रीन जोन' की श्रेणी में आता है।
बारिश के बीच गौड़ यमुना सिटी में 8 घंटे गुल रही बिजली
एक तरफ जहां बारिश ने मौसम सुहाना किया, वहीं दूसरी तरफ बुनियादी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ाईं। यमुना सिटी क्षेत्र में बारिश के दौरान बिजली लाइन में फॉल्ट आने से गौड़ यमुना सिटी सोसायटी में दिनभर में दो बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। कुल मिलाकर करीब 8 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोसायटी निवासी श्रवण कुमार अवाना ने बताया कि पर्याप्त पावर बैकअप न होने के कारण बिजली कटौती के दौरान कई लिफ्टों का संचालन भी ठप हो गया, जिससे निवासियों को मजबूरी में लंबे समय तक बिना बिजली के रहना पड़ा। हालांकि, मेंटेनेंस टीम ने फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति सुचारू करने का दावा किया है।