डीएनडी फ्लाइओवर पर लगा भीषण जाम
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा से दिल्ली जाना हो तो ज्यादातर लोग सीधे डीएनडी हाइवे की ओर रूख करते हैं। लेकिन मंगलवार शाम को इस पर भारी जाम देखने को मिला। इसके कारण इस पर से गुजर रहे लोगों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। घंटों लंबा जाम लगने के कारण लोगों ने नोएडा ट्रैफिक पुलिस को ट्वीट कर बात की शिकायत की।
एक यूजर ने लिखा, इस मार्ग पर बेवजह कुछ टोल लाइन को बंद कर रखा है, जिसके कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर पुलिस ने जवाब देते हुए लिखा, संबंधित यातायात प्रभारी को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही एक मोबाइल नंबर भी जारी किया।
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब रफ्तार के लिए मशहूर डीएनडी पर इस तरह का जाम लगा हो। इस मार्ग पर खासौतर पर ऑफिस टाइम के वक्त गाड़ियों का दवाब अधिक होता है, जिसके कारण जाम देखने को मिलता है।
पिछले महीने छह मार्च को ही आश्रम फ्लाईओवर शुरू हुआ था, जिससे ट्रैफिक जाम में काफी कमी देखने को मिली थी। शुरूआत में यह फ्लाईओवर हलके वाहनों के लिए ही खोला गया था, लेकिन अब यह सभी तरह के वाहनों के लिए खोल दिया गया है, जिसकी वजह से इस पर दवाब बढ़ गया है।