-जिले का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मई की शुरुआत बारिश से हुई लेकिन अब गर्मी का सितम बढ़ने लगा है। चिलचिलाती धूप लोगों को परेशान कर रही है। हवाएं भी गर्म महसूस हो रही हैं। 24 घंटे में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ तापमान 36 डिग्री पहुंच गया है। शनिवार को जिले का न्यूनतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर भारत में 4 से 7 मई के बीच आंधी-तूफान आने की संभावना बन रही है। हालांकि लू से राहत बनी रहेगी। उत्तर भारत में बदलने वाले इस मौसम का असर नोएडा में भी देखने को मिलेगा। दरअसल, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में परिवर्तन होगा। इसके साथ ही प्रदूषण की स्थिति ठीक बनी हुई है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा निवासियों को साफ हवा में सांस लेने को मिल रहा है। शनिवार को नोएडा का एक्यूआई 158 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 154 येलो जोन में दर्ज किया गया।