नोएडा एयरपोर्ट : आज से किसानों के पुनर्वास पर होगी सुनवाई
- जेवर के छह गांव की 1181 हेक्टेयर जमीन का किया जा रहा है अधिग्रहण
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के दूसरे चरण के लिए जेवर के 6 गांवों की 1181 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों के पुनर्वास पर मंगलवार से सुनवाई होगी। एयरपोर्ट प्रशासक व उपजिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह ने शुक्रवार को पुनर्वासन योजना मसौदे के ड्राफ्ट का प्रकाशन करा दिया। मंगलवार से टीमें गांव-गांव पहुंचकर प्रभावित किसानों की सुनवाई करेंगी। सुनवाई के बाद मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू होगी।
एयरपोर्ट प्रशासक अभय कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के दूसरे चरण के लिए जेवर के रन्हेरा, कुरैब, करौंली बांगर, दयानतपुर, बीरमपुर और मुढ़रह गांव की 1181 हेक्टेयर जमीन का किसानों से अधिग्रहण किया जाना है। जिसके लिए रन्हेरा, कुरैब व करौली बांग के नगला हुकमसिंह गांव का विस्थापन किया जाना है। प्रभावित परिवारों के विस्थापन के लिए लिए जेवर में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मॉडलपुर पर 75 हेक्टेयर व यमुना एक्सप्रेसवे के फलैदा कट के पास 132 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। जिन किसानों ने जिस जगह के लिए विस्थापन में मांग की थी उन्हें उसी जगह विस्थापित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की टीम मंगलवार को मुढ़रह के सामुदायिक भवन में 10 बजे से 1 बजे तक व बीरमपुर के प्राथमिक विद्यालय में दोपहर 2 बजे से प्रभावित किसानों की सुनवाई करेगी। वही बुधवार को कुरैब के प्राथमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे से 1 बजे तक व दयानतपुर के सर्व हितकारी इंटर कॉलेज में 2 बजे से सुनवाई करेगी। बृहस्पतिवार को करौली बांगर के इंटर कॉलेज में सुबह 10 से 1 बजे तक व 2 बजे से रन्हेरा के आर्दश इंटर कॉलेज में सुनवाई करेगी।