उद्योगों में 200 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक सेक्टर साइट-बी में मंगलवार को जिम्स और इंडस्ट्रियल एंटरप्रेन्योर एसोसिएशन (आईईए) ने चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर में लगभग 200 श्रमिकों और कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आईईए के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, एक्सरे, मैमोग्राफी, आरबीएस, एचबी, एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल सहित कई जांचें की गईं। महिला कर्मचारियों के लिए गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) के कैंसर और शुरुआती बदलावों की जांच और स्तन कैंसर की जांच कराई गई। जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं। एसबी इंडस्ट्रीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एमपी शुक्ला ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता करने की अपील की। ब्यूरो