जिलाधिकारी ने विकास भवन में बैठक कर विभागीय अफसरों को दी चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। डीएम ने बृहस्पतिवार को विकास भवन के सभागार में कर करेत्तर, राजस्व संग्रह और आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक की। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित समस्याओं को गुणवत्ता के साथ समय से निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि जो विभाग सूची में बॉटम-10 में होंगे उनके विभागाध्यक्ष का एक दिन का वेतन काटा जाएगा।
डीएम मेधा रूपम ने स्टांप शुल्क, वाणिज्य कर, आबकारी, विद्युत और अन्य विभागों की समीक्षा कर कहा कि कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली करनी होगी। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी। जीएसटी विभाग को वसूली में वृद्धि करनी होगी। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल की लंबित शिकायतों पर संबंधित अफसरों से कहा है कि समय से शिकायतों का निस्तारण करना होगा। पोर्टल की शिकायतों का समय से निस्तारण नहीं होने के कारण प्रदेश में जिले की रैंकिंग काफी खराब आ रही है।