-जुले खान की मौत का मामला, परिजनों ने दिया कार्रवाई को आठ दिन का अल्टीमेटम
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर के वार्ड नंबर 10 में अलाव पर मूढ़े पर बैठने को लेकर हुए विवाद में जुले खान की मौत के करीब आठ दिन बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार और मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने शहर में जुलूस निकालते हुए शहर थाना पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
हाथों में तख्तियां लेकर प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने घटना के बाद 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस केवल एक ही आरोपी को पकड़ पाई है, जबकि अन्य आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जुले खान की मौत के बाद परिवार सदमे में है और उन्हें न्याय की आस पुलिस से थी, लेकिन कार्रवाई की धीमी गति ने पीड़ितों की पीड़ा और बढ़ा दी है। मामले की निष्पक्ष जांच पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जुलूस में शामिल लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की। पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि घटना के दिन अलाव पर बैठने को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
इसी दौरान गंभीर चोट लगने से जुले खान की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। शहर थाना पहुंचने पर थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और भरोसा दिलाया कि मामले की जांच जारी है तथा शेष आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने यह भी आश्वासन दिया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
__________________
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें उनके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-राजेश कुमार, शहर थाना प्रभारी