नोएडा(संवाद)। शहर के सेक्टर 20 स्थित हनुमान मंदिर में चल रही शिव महापुराण का रविवार को समापन हुआ। इस दौरान व्यास पूजन, हवन एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। यह आयोजन शांभवी महामुद्रा ट्रस्ट एवं अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कथा के अंतिम दिवस पर प्रसिद्ध कथा वाचिका कनक लता कनक ने भगवान शिव के महात्म्य का वर्णन करते हुए शिव महापुराण का सार सुनाया और भक्तों को जीवन में शिव तत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने व्यास पीठ की आरती कर अंग वस्त्र, साड़ी, पुष्पमाला व दक्षिणा अर्पित कर कथा वाचिका का सम्मानपूर्वक विदा किया। इस मौके पर सुमित्रा अस्पताल के चेयरमैन डॉ वीके गुप्ता, ट्रस्ट के अध्यक्ष सुधीर चंद्र पोरवाल, अखिल भारतीय अग्रवाल वैश्य मित्र मंडल के अध्यक्ष राधाकृष्ण गर्ग समेत रोहतास गोयल, राजकुमार अग्रवाल, लवकेश गोयल, दिलीप वैश्य, बृज मोहन पोरवाल, नवीन पोरवाल, संदीप पोरवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।