- 85 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल, प्रदूषण के कारण कक्षा पांच तक हाइब्रिड पढ़ाई का परीक्षा पर नहीं पड़ेगा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच गौतमबुद्ध नगर के परिषदीय स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। शैक्षिक सत्र 2026-27 की परीक्षाएं 17 से 21 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। इनमें जिले के 85 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रदूषण के चलते कक्षा पांच तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में संचालित की जा रही है लेकिन इसका परीक्षाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए विद्यालय पहुंचना होगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल पंवार ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा मौखिक होगी, जबकि कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा में हिंदी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत अथवा उर्दू, सामाजिक विषय, कला-संगीत, विज्ञान और पर्यावरण अध्ययन समेत विभिन्न विषय शामिल होंगे। इसके लिए जनपद स्तर पर मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर लिए गए हैं। इनका मुद्रण कराकर निर्धारित समय पर सभी परिषदीय विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए जिला स्तर से निगरानी की जाएगी।
परीक्षाओं के बाद होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन
परीक्षाएं संपन्न होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। शिक्षकों को निर्धारित समय में मूल्यांकन पूरा कर विद्यार्थियों का परिणाम तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का दावा है कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। बीएसए के अनुसार, वायु प्रदूषण के कारण कक्षा पांच तक की नियमित पढ़ाई हाइब्रिड मोड में जारी रहेगी। हालांकि, यह व्यवस्था अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को प्रभावित नहीं करेगी। सभी विद्यार्थियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय पहुंचकर परीक्षा देनी होगी।