केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा-देश की आर्थिक उन्नति में गुरुग्राम का बड़ा योगदान, सीए अहम कड़ी
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद के दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम जिला करीब 48 हजार करोड़ रुपये सालाना बतौर आयकर केंद्र सरकार को देता है जोकि पूरे हरियाणा प्रदेश का 65 प्रतिशत है। देश की आर्थिक उन्नति में गुरुग्राम का महत्वपूर्ण योगदान है। इसमें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एक अहम कड़ी हैं। जिस रफ्तार से देश की अर्थव्यवस्था का विस्तार हो रहा है उसमें किसी न किसी रूप में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का भार भी बढ़ गया है।
केंद्रीय मंत्री शनिवार को होटल क्राउन प्लाजा में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की उत्तरी भारत क्षेत्रीय परिषद द्वारा आयोजित दो दिवसीय उप क्षेत्रीय सम्मेलन के शुभारंभ कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश को कभी पंजाब का छोटा भाई कहा जाता था जोकि आर्थिक रूप से पंजाब से काफी पीछे था लेकिन बिना नदी वाले इस छोटे से प्रदेश ने आज अपने लोगों की मेहनत व लगन से न केवल देश बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। गुरुग्राम पूरे प्रदेश में सर्वाधिक राजस्व देने के साथ साथ प्रदेश का सर्वाधिक आयकर देने वाला जिला भी है। राव ने कहा हरियाणा की उन्नति में उन सभी लोगों का भी योगदान है जिन्होंने इस जमीन को अपने रहने व कार्यक्षेत्र के रूप में चुना है।
उन्होंने जी-20 समूह की होने वाली बैठक का जिक्र करते हुए कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर की बैठकों के लिए गुरुग्राम का चयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम में ऐसा विकास का मॉडल स्थापित किया है जिसे देश के अन्य राज्य अपने यहां लागू करने के लिए आतुर दिख रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान सभी लोगों को जल संरक्षण के लिए शपथ भी दिलवाई।
इस अवसर पर पूर्व मेयर मधु आजाद, संस्था के पूर्व अध्यक्ष सीए अतुल कुमार गुप्ता, उत्तर भारत क्षेत्रीय परिषद (आईसीएआई) के अध्यक्ष सीए नवीन गर्ग, पंजाब एंड सिंध बैंक की स्वतंत्र निदेशक सीए रश्मि खेत्रपाल आदि मौजूद थे।