वाहन चोर गिरोह के चार बदमाश गिरफ्तार, छह बाइक बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-39 और सेक्टर-58 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की छह बाइक, चार चाकू और 600 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सेक्टर-37 में गश्त के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ा। थाना प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की पहचान सेक्टर-45 सदरपुर निवासी मनीष उर्फ मछली और सेक्टर-44 छलैरा निवासी सनी गुप्ता के रूप में हुई है। इनसे एक बाइक और दो चाकू मिले। इनकी निशानदेही पर स्टेला ग्रीन पार्क के पीछे झाड़ियों से दिल्ली और नोएडा से चोरी की चार अन्य बाइक बरामद की गईं।
वहीं सेक्टर-58 थाना पुलिस ने सेक्टर-62 डी पार्क के पास से दो लोगों को पकड़ा है। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि इनकी पहचान सुल्तानपुर निवासी सन्नी और बिजनौर निवासी अजय के रूप में हुई है। इनके पास से सेक्टर-69 से चोरी की एक बाइक, दो चाकू और नकदी बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी रेकी कर वाहन चोरी करते थे और उन्हें कम दामों पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।