-गंग नहर में अपने बड़े भाई के साथ बहते नारियल निकालने के लिए उतर गया था मासूम
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर/बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र स्थित दौला रजपुरा गांव के पास गंग नहर में डूबे चार वर्षीय मासूम अदनान का रविवार शाम तक भी कोई सुराग नहीं लग सका। लगातार तीसरे दिन एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। बेटे की तलाश में जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव निवासी इसरार का चार वर्षीय बेटा अदनान शुक्रवार की शाम घर के पास से गुजर रही गंग नहर में अपने बड़े भाई के साथ बहते नारियल निकालने के लिए उतर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर में पानी काफी गहरा था। इसी दौरान अदनान का संतुलन बिगड़ गया और वह डूब गया, जबकि उसका बड़ा भाई किसी तरह बाहर निकल आया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शनिवार सुबह से एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। गोताखोरों और नावों की मदद से नहर के कई किलोमीटर दायरे में तलाश की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहला हादसा नहीं है। करीब 8 वर्ष पहले भी इसी गांव के गुड्डू के 6 वर्षीय बेटे फरमान की नारियल पकड़ते समय गंग नहर में डूबने से मौत हो गई थी। कोतवाली मुनेंद्र सिंह का कहना है कि रेस्क्यू टीम पूरी मुस्तैदी से बच्चे की तलाश में लगी है।