- बिसरख कोतवाली क्षेत्र में आया ठगी का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में फ्लैट दिलाने के नाम पर ठगी और बैनामा नहीं कराने का मामले सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित क्षितिज शर्मा निवासी निराला एस्पायर ने अनुमेहा शर्मा और नीरज शर्मा पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि दोनों ने सुपरटेक एन्क्लेव में फ्लैट बेचने के नाम पर ठगी की। दो वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी बैनामा नहीं कराया है।
पीड़ित का आरोप है कि उनकी मुलाकात रोनित वर्मा नामक प्रॉपर्टी डीलर से हुई थी। जिसने उन्हें बताया कि आरोपी दंपती अपना फ्लैट बेच रहे हैं। प्रारंभिक टोकन राशि 51 हजार रुपये और एग्रीमेंट 27.50 लाख रुपये में किया गया। लोन के लिए फाइल भी लगाई गई, लेकिन विक्रेताओं ने 75 दिनों का समय निकालकर लोन की प्रक्रिया में बाधा डाली और एग्रीमेंट का समय समाप्त होने के बाद फ्लैट सौदे को आगे नहीं बढ़ाया। पीड़ित ने विश्वास कर 30 लाख रुपये में दूसरा एग्रीमेंट किया और 2.26 लाख रुपये नकद साथ ही बैंक के माध्यम से 15.85 लाख रुपये का लोन जमा कर दिया। पीड़ित ने मेंटेनेंस और बिजली बिल समेत अन्य शुल्क भी समय पर चुकाए, लेकिन विक्रेता बैनामा कराने के लिए सब रजिस्ट्रार कार्यालय नहीं आए। 10 जून 2025 को जब पीड़ित फ्लैट पर गया और बैनामा कराने की बात कही तो दोनों ने मारपीट कर गाली गलौज की। वहीं बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।