- सेक्टर-43 में आबकारी विभाग की छापेमारी, विदेशी शराब बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-43 स्थित एक विला में बिना लाइसेंस शराब पार्टी करने का मामला सामने आया है। आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मौके से विदेशी शराब की 13 बोतलें बरामद हुई हैं। आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आबकारी निरीक्षक संजय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार को वह टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि सेक्टर-43 स्थित विला में शराब पार्टी चल रही है। सूचना पर आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद लोग शराब की बोतलें इधर-उधर करने लगे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौर सिटी निवासी कृतेश सिंह और शिखर सक्सेना और दिल्ली के न्यू अशोक नगर निवासी आयुष चौरसिया के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने रविवार को पार्टी आयोजित की थी। इसके लिए केयरटेकर के कहने पर मकान मालिक मेघना दास के क्यूआर कोड पर 21 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। तलाशी के दौरान मौके से करीब 4.55 लीटर खुली शराब के अलावा भरी और आंशिक रूप से खाली बोतलें बरामद हुईं। थाना प्रभारी डी पी शुक्ला ने बताया कि आबकारी निरीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।