- सोशल मीडिया पर वायरल संदेश के मामले में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। दीपावली पर कर्मचारियों को पांच नवंबर तक वेतन के साथ 5100 रुपये बोनस देने के सुप्रीम कोर्ट के कथित आदेश की खबर फर्जी निकली है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस संदेश का पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर ने खंडन किया है। पुलिस के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। भ्रामक संदेश प्रसारित करने के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश में दावा किया गया था कि सुप्रीम कोर्ट ने सभी निजी और सरकारी कंपनियों को पांच नवंबर तक कर्मचारियों के खातों में वेतन के साथ 5100 रुपये दीपावली बोनस भेजने का आदेश दिया है। ऐसा नहीं करने पर कंपनियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की बात भी कही गई थी। संदेश वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने इसे झूठ और भ्रामक बताया।