नोएडा। साप्ताहिक बाजारों में रेकी कर दोपहिया वाहन चोरी करने वाले दो युवकों को कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजाबाद निवासी अजय और सदरपुर निवासी करन के रूप में हुई है। दोनों नोएडा में किराये के कमरे में रहते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पहले डिलीवरी बॉय की नौकरी करते थे। नौकरी छोड़ने के बाद खर्च चलाने के लिए बाइक चोरी करने लगे। बुधवार को पुलिस टीम ने सेक्टर-45 स्थित सोम बाजार के पास से दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने रेकी करने के बाद बाइक चोरी करने की बात बताई। उनकी निशानदेही पर दो अन्य चोरी की बाइक भी बरामद की गईं हैं। ब्यूरो